Follow Us:

हिमस्खलन में शहीद हुए जवान नितिन राणा पंचतत्व में विलीन, भाई ने दी मुखाग्नि

अजीत वर्मा |

किन्नौर के पूह के नमज्ञा डोगरी में ग्लेशियर की चपेट में आने से शहीद हुए कांगड़ा (जयसिंहपुर) के जवान नितिन राणा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव रीट पहुंचा। सर्च ऑपरेशन के 18वें दिन शनिवार को जवान का शव ग्लेशियर से बरादम हुआ था। जवान की शहादत के बाद उनके पैतृक गांव में माहौल गमगीन है। शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए हजारों की संख्या में लोग उनके पैतृक गांव पहुंचे। राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार हुआ।

शहीद को मुखाग्नि उनके छोटे भाई निखिल राणा ने दी। निखिल भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। वे जैक राइफल में जम्मू में तैनात है। इस दौरान जयसिंहपुर के वर्तमान विधायक रविंद्र रवि और पूर्व विधायक यादविंद्र गोमा मौजूद रहे।

गौरतलब है कि किन्नौर के पूह में ग्लेशियर गिरने से 20 फरवरी को आर्मी के छह जवान दब गए थे। घटना के दूसरे दिन एक जवान को ढूंढ लिया गया था। उसके बाद सर्च ऑपरेशन के 11वें और 13वें दिन नालागढ़ और पश्चिम बंगाल के जवानों के शव बरामद हुए थे। वहीं अब 18वें दिन जवान नितिन राणा का शव मिला। अभी भी ग्लेशियर में 2 जवान लापता है, जिनकी तलाश की जा रही है।