➤ लेह में पूर्ण राज्य और छठी अनुसूची की मांग को लेकर प्रदर्शन हिंसक हुआ
➤ प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा वाहन में लगाई आग
➤ पुलिस ने हालात काबू करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का किया इस्तेमाल
शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में हालात बेकाबू हो गए। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा कार्यालय के बाहर खड़े सुरक्षा वाहन को आग के हवाले कर दिया।

यह विरोध प्रदर्शन उस समय तेज हो गया जब पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के नेतृत्व में चल रही भूख हड़ताल 35वें दिन में पहुंच गई। इस भूख हड़ताल में शामिल 15 लोगों में से दो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। इसी के बाद लेह एपेक्स बॉडी की युवा शाखा ने बंद और प्रदर्शन का आह्वान किया।

प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार और आंदोलनकारियों के बीच प्रस्तावित वार्ता को जल्द कराना है। फिलहाल अगली वार्ता 6 अक्तूबर को तय है, लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर तुरंत ठोस कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
हिंसक घटनाओं के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आंदोलनकारियों से बातचीत के जरिए हल निकालने की उम्मीद जताई है।



