Follow Us:

शिमला में जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया टैक्‍सी चालक

Leopard Attack in Shimla: शिमला के लालपानी क्षेत्र में एक तेंदुए ने बीती रात टैक्सी चालक मनोज कुमार पर हमला कर दिया। यह हमला रात 11 बजे के करीब हुआ जब मनोज अपनी गाड़ी पार्क करके घर की ओर जा रहा था।

जैसे ही मनोज अपनी टैक्सी से बाहर निकला और कुछ कदम चला, तभी एक तेंदुए ने झाड़ियों से निकलकर उस पर झपट्टा मार दिया। तेंदुए ने पहले मनोज की टांग पर हमला किया, लेकिन मनोज ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत तेंदुए की गर्दन पकड़ ली। इस दौरान तेंदुए ने उसकी छाती पर पंजा मारा, जिससे उसके कपड़े फट गए

तेंदुआ मनोज को घसीटने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मनोज ने दोनों हाथों से उसका मुंह जकड़ लिया और जोर-जोर से शोर मचाने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी तेंदुए के हमले हो चुके हैं। हर बार वन विभाग की टीम निरीक्षण के लिए आती है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता
लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।