Follow Us:

हिमाचल की युवती और पंजाब के युवक से पकड़ी एक करोड़ की LSD Drug

शिमला में 1 करोड़ की एलएसडी बरामद, सिरमौर की युवती और पंजाब का ड्रग पैडलर गिरफ्तार
562 स्ट्रिप खतरनाक ड्रग के साथ पुलिस ने बीसीएस क्षेत्र में दबिश देकर की कार्रवाई
रेव पार्टी में इस्तेमाल होने वाली एलएसडी, आरोपी 10 साल से कर रहा था तस्करी


शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने ड्रग पैडलिंग के खिलाफ चलाए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपए कीमत की खतरनाक ड्रग एलएसडी (LSD) के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सिरमौर जिले की एक युवती और पंजाब का एक ड्रग पैडलर शामिल है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 562 स्ट्रिप (स्टैम्प साइज) एलएसडी बरामद की गई है। इनका कुल वजन 11.570 ग्राम पाया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। शिमला में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में एलएसडी बरामद होने का मामला सामने आया है।

मामले की जानकारी देते हुए एएसपी अभिषेक ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि शहर में ड्रग तस्करी से जुड़े लोग सक्रिय हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हिम निवास, बीसीएस शिमला में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान संदीप शर्मा (40) निवासी धर्मकोट, जिला मोगा पंजाब और प्रिया शर्मा (26) निवासी ददाहू, जिला सिरमौर को गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप शर्मा पिछले करीब 10 वर्षों से एलएसडी की तस्करी कर रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले भी 33 ग्राम चिट्टे से जुड़ा मामला दर्ज रह चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक एलएसडी एक बेहद खतरनाक साइकेडेलिक ड्रग है, जिसे आम बोलचाल में ‘एसिड’ भी कहा जाता है। यह मादक पदार्थ व्यक्ति की धारणा, सोच और मानसिक स्थिति पर गहरा प्रभाव डालता है और मतिभ्रम जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। इसका इस्तेमाल अक्सर रेव पार्टियों और ड्रग सर्किट में किया जाता है।

इस बीच एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि इस वर्ष शिमला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक 73 मामले दर्ज कर 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 12 आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल बॉर्डर जैसे बाहरी क्षेत्रों से बैकवर्ड लिंक के आधार पर पकड़ा गया है।