- शिमला के रानी झांसी पार्क में युवक ने लड़की से बदसलूकी और गाली-गलौज की, लड़की फूट-फूट कर रोई
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को घसीटकर सदर थाना ले गई, मामला लेन-देन का बताया गया
- स्थानीय लोगों ने रानी झांसी पार्क में बढ़ती घटनाओं पर नाराजगी जताई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
Rani Jhansi Park misbehavior: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रानी झांसी पार्क में एक युवक ने शुक्रवार दोपहर जमकर हंगामा किया। शनिवार को इस घटना का वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवती फूट-फूट कर रोती नजर आई। वहीं, युवक उसे गंदी-गंदी गालियां देता दिखा।
पुलिस के अनुसार, यह विवाद पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ। युवती ने पहले युवक को कुछ पैसे दिए थे, लेकिन जब उसने वापस मांगे, तो युवक भड़क गया और बदसलूकी करने लगा। देखते ही देखते मॉल रोड और पार्क में भारी भीड़ जमा हो गई। करीब 20 से 25 मिनट तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को घसीटकर सदर थाना ले गई।
पुलिस ने दोनों को थाने बुलाया और उनके परिजनों को सूचित किया। शाम तक दोनों के परिवार वाले थाने पहुंचे और समझौते के बाद युवक और युवती को उनके हवाले कर दिया गया। इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि रानी झांसी पार्क में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। यह स्थान प्रेमी जोड़ों और नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है। यहां अक्सर अश्लील हरकतें और प्रेंक वीडियो शूट किए जाते हैं, जिससे शिमला की छवि खराब हो रही है। लोगों ने पुलिस से पार्क में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
SHO सदर थाना धर्म सेन नेगी ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान था, इसलिए परिजन उसे इलाज के लिए आईजीएमसी लेकर गए हैं।



