Follow Us:

जर्मनी में फंसे आंचल के भाई को मिला वीजा, मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद

समाचार फर्स्ट |

स्कीइंग में देश को पहला अंतर्राष्ट्रीय पदक दिलाने वाली आंचल ठाकुर के भाई हिमांशु ठाकुर को ईरान के लिए वीजा मिल गया है। रविवार रात करीब 2 बजे इस बात की पुष्टि हुई कि विदेश मंत्रालय ने हिमांशु ठाकुर को ईरान का वीजा मिल जाने बारे सूचित किया। इसके बाद आंचल ठाकुर ने अपने ट्विटर अकाउंट से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग को धन्यवाद कहा है।

दैनिक अखबार के मुताबिक, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर समेंत कई नेताओं ने ये मामला रविवार को पीएमओ में उठाया था। वहां से विदेश मंत्रालय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए ईरानी दूतावास में संपर्क कर जर्मनी में फंसे आंचल ठाकुर के सगे भाई हिमांशु ठाकुर को वीजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि सोमवार को आंचल के भाई को ईरान पहुंचना था, जहां उनकी विंटर ओलंपिक के लिए क्वालीफाइंग की आखिरी रेस है लेकिन उन्होंने ऐन मौके पर हिमांशु को वीजा देने से इंकार कर दिया, जिससे वह जर्मनी से ईरान को अपनी उड़ान नहीं भर पा रहा था। शनिवार को हिमांशु ने अपने ट्वीटर अकांऊट से प्रधानमंत्री, सुषमा स्वराज और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से मामले में हस्ताक्षेप की गुहार लगाई।

साहसिक खेल स्कीईंग के जुनून में शनिवार को सात समुद्र पार जर्मनी में देश के लिए हिमाचली खिलाड़ी हिमांशु उस समय बड़ी दुविधा में फंस गया था जब वहां से ईरान को उड़ान भरने से पहले उसे इसका वीजा नहीं दिया गया। लेकिन रविवार को अवकाश के चलते उनके ट्वीट पर कोई प्रतिक्रिया न आने पर यह मामला प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया। इसके बाद रात 2 बजे इस बात की पुष्टि हुई कि हिमांशु को वीजा दे दिया गया है।