➤ मनाली की मालरोड पर देह व्यापार के संगठित गिरोह का पर्दाफाश
➤ तीन महिलाओं सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, चार युवतियां रेस्क्यू
➤ पर्यटकों से खुलेआम सौदेबाजी करते पकड़े गए आरोपी
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मालरोड क्षेत्र से तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि जबरन इस धंधे में धकेली गई चार युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मालरोड में लंबे समय से देह व्यापार की गतिविधियां चल रही थीं। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की। रविवार शाम पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और पर्यटकों से सौदेबाजी करते हुए गिरोह को रंगे हाथों पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। महिलाओं में एक दिल्ली और दो पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं। वहीं पुरुष आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय विश्वदेव (निवासी कुल्लू) और 23 वर्षीय सूरज (निवासी कठुआ, जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी पर्यटकों को बहलाकर देह व्यापार के जाल में फंसाते थे। पूछताछ के दौरान पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। मामले की जांच थाना प्रभारी मनीष को सौंपी गई है और गिरोह से जुड़े अन्य लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।



