Follow Us:

मनाली में संदिग्ध मौत से सनसनी: लिव-इन पार्टनर के कमरे में मिला सरकारी कर्मचारी का शव

मनाली के पतलीकूहल में सरकारी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
शरीर पर गले, छाती और नाभि के पास गहरे घाव मिलने से हत्या की आशंका
पुलिस ने लिव-इन पार्टनर को हिरासत में लेकर हत्या का केस दर्ज किया


कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के मनाली क्षेत्र के पतलीकूहल में एक सरकारी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक का शव उसकी लिव-इन पार्टनर के किराए के कमरे में मिला है। शव पर गले, छाती और नाभि के पास गहरे घाव मिलने के बाद मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

मृतक की पहचान लाहौल-स्पीति के लोमच गांव निवासी 54 वर्षीय रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह जीएसएसएस स्कूल जाहलमा में चपरासी के पद पर तैनात थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की लिव-इन पार्टनर नम्रता को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह पिछले करीब पांच वर्षों से नम्रता नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। उनकी पत्नी को करीब दो साल पहले इस रिश्ते की जानकारी मिली थी। बताया जा रहा है कि नम्रता कभी-कभी उनके घर भी आई थी।

नम्रता पतलीकूहल में किराए के कमरे में रहती थी। रंजीत सिंह 7 मार्च को किसी वाहन संबंधी काम से पतलीकूहल पहुंचे थे। 9 मार्च की रात उनकी पत्नी टशी पालमो से फोन पर आखिरी बार बातचीत हुई, जिसमें वह नशे की हालत में लग रहे थे।

लिव-इन पार्टनर खुद पहुंची पुलिस के पास

मामले का खुलासा तब हुआ जब नम्रता खुद पुलिस थाना पहुंची और बताया कि रात में उसका और रंजीत का झगड़ा हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि सुबह जब उसने रंजीत को उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठे। इसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कमरे में बिस्तर पर रंजीत का शव पड़ा मिला

शरीर पर मिले गहरे घाव

मृतक की पत्नी टशी पालमो ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि रंजीत के गले, छाती और नाभि के पास गहरे कट और खरोंच के निशान थे। उन्होंने आशंका जताई कि झगड़े के दौरान किसी नुकीली वस्तु से वार कर हत्या की गई हो सकती है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फोरेंसिक जांच के लिए मंडी से आरएफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

आज होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।