Follow Us:

मंडी तेजाब कांड: छह दिन बाद ममता ने पीजीआई में तोड़ा दम

➤ मंडी के सैण मोहल्ले में तेजाब हमले की पीड़िता ममता की पीजीआई में मौत
➤ पति नंदलाल ने तेजाब फेंकने और छत से धक्का देने का लगाया था आरोप
➤ अब आरोपी पर हत्या का केस चलेगा, पुलिस हिरासत में जारी पूछताछ


 सैण मोहल्ले में तेजाब हमले का शिकार हुई महिला ममता ने अंततः पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। बीती रात लगभग पौने 12 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को मंडी लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार होगा। इस अमानवीय वारदात के बाद पूरे प्रदेश में शोक और गुस्से का माहौल है।

15 नवंबर को ममता के पति नंदलाल पर आरोप है कि उसने पहले ममता पर तेजाब फेंका, फिर उसे घर की छत से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। गंभीर हालत में पहले उसे मंडी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ से तुरंत रेफर कर पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया। वहाँ पिछले छह दिन से ममता का उपचार चल रहा था, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गई।

आरोपी पति को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और वह वर्तमान में पुलिस हिरासत में है। अब उसके खिलाफ पत्नी की हत्या का मामला आगे बढ़ेगा।

पीड़िता के अनुसार, पति लंबे समय से उसके रिश्तेदारों को शक की नजर से देखता था। जब भी वे घर आते, वह उनकी वीडियो बनाता और घर आने से रोकता। घरेलू कलह और मारपीट अक्सर होती रहती थी। कुछ दिन पहले ममता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर पति पर गंभीर अत्याचार के आरोप लगाए थे।

पूरे हिमाचल ने उसकी सलामती की दुआ की, लेकिन ममता जिंदगी की इस लड़ाई में हार गई।
एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने पीड़िता की मौत की पुष्टि की है।