➤ मंडी में एंबुलेंस कर्मियों की शव यात्रा, पुतला दहन के दौरान आत्मदाह का प्रयास
➤ 108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं के कर्मचारी दो दिवसीय हड़ताल पर
➤ वेतन, ओवरटाइम और वैधानिक लाभ न मिलने का आरोप
सीटू से संबद्ध एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने शनिवार को मंडी शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए शव यात्रा निकाली। चौहटा क्षेत्र में पुतला दहन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक एंबुलेंस कर्मी ने खुद पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे धक्का देकर हटाया और गंभीर हादसे से बचा लिया।
इस घटना के बाद एंबुलेंस कर्मियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों ने सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्षी दलों को भी घेरते हुए जमकर नारेबाजी की और अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की।
यूनियन के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 की रात 8 बजे से शनिवार रात 12 बजे तक प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल के तहत मंडी जिला के 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी शनिवार को भी पूर्ण हड़ताल पर रहे। जिला मुख्यालय मंडी में एकत्र होकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और शहर में शव यात्रा निकालकर सरकार व प्रबंधन के प्रति रोष जताया।
यूनियन और सीटू पदाधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं में कार्यरत कर्मचारी नेशनल हेल्थ मिशन के तहत मेडस्वान फाउंडेशन कंपनी द्वारा वर्ष 2022 में नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले वर्ष 2010 में इन्हीं सेवाओं में जीवीके कंपनी कार्यरत थी, लेकिन उस दौरान भी कर्मचारियों को छंटनी भत्ता, ग्रेच्युटी और अन्य वैधानिक लाभ नहीं मिले। इस पूरे मामले में स्वास्थ्य मिशन की भूमिका को मूक दर्शक बताया गया।
यूनियन नेताओं का आरोप है कि वर्तमान में भी नियोक्ता कंपनी द्वारा कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्हें न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा, 12 घंटे की ड्यूटी करवाई जाती है और ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। मांगें उठाने पर कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के आरोप भी लगाए गए।
सीटू के जिला महासचिव राजेश शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी द्वारा सरकारी नियमों के अनुसार वेतन, ओवरटाइम, सभी प्रकार की छुट्टियां और अन्य सुविधाएं नहीं दी गईं, तो यूनियन को अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ेगा। इस मौके पर यूनियन के जिला प्रधान सुमित कपूर, महासचिव पंकज कुमार, तिलक राज, योगेश कुमार, चमन लाल, मनोज कुमार, रजनीश, हंस राज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



