Follow Us:

बल्ह घाटी में आदमखोर तेंदुए का आतंक, एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग गंभीर घायल

➤ बल्ह घाटी में आदमखोर तेंदुए का आतंक
➤ एक व्यक्ति की मौत, पांच लोग गंभीर घायल
➤ ग्रामीणों ने तेंदुए को मार गिराया


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्ह घाटी बुधवार सुबह उस समय दहशत में आ गई, जब आदमखोर तेंदुए ने एक के बाद एक तीन गांवों में लोगों पर हमला कर दिया। इस खूनी हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल गांव में लोगों को निशाना बनाया। इसके बाद वह भड़याल गांव पहुंचा, जहां उसने फिर से हमला कर दिया। इन दोनों स्थानों पर तेंदुए के हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद तेंदुआ मलवाणा गांव पहुंचा, जहां उसने एक युवक पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बलवीर सिंह, निवासी भ्यूली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रवासी था और मंडी में रहता था, जो इन दिनों अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।

घायलों में साहिब सिंह निवासी बिहार, दीनानाथ निवासी भड़याल, चंपा देवी निवासी मलवाणा, जनित निवासी भड़याल और रेखा देवी निवासी भड़याल शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तेंदुए के लगातार हमलों से डरे लोग हथियार और डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे मार गिराया। मारे गए तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि तेंदुआ भी मारा गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत और हरसंभव सहायता दी जा रही है।

वहीं डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और तत्काल कार्रवाई की गई। विभाग अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कर रहा है।