➤ मंडी में पूर्व मंत्री के ड्राइवर पर 1.95 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज
➤ मंत्री के नाम पर 5 पावर टिल्लर खरीदे, भुगतान नहीं किया
➤ सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मंडी जिले में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर के पूर्व ड्राइवर पर एक व्यापारी से 1.95 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में सदर थाना मंडी में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता विनय कुमार (34) पुरानी मंडी में मैसर्स भीमाकाली ट्रेडर्स नाम से कृषि उपकरणों की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी मनोज ठाकुर, पूर्व मंत्री के ड्राइवर रह चुके हैं। व्यक्तिगत पहचान न होने के बावजूद वे उन्हें कौल सिंह ठाकुर से जुड़े होने के कारण जानते थे।
विनय कुमार के अनुसार, करीब पांच महीने पहले मनोज ठाकुर ने अलग-अलग समय पर उनकी दुकान से कुल पांच पावर टिल्लर खरीदे। हर बार आरोपी ने यह कहकर उपकरण लिए कि कौल सिंह ठाकुर बाहर हैं और उनके लौटने पर पूरा भुगतान कर दिया जाएगा।
आरोप है कि इसके बावजूद अब तक 1 लाख 95 हजार रुपए का भुगतान नहीं किया गया। कई बार संपर्क करने के बाद भी जब रकम नहीं मिली तो पीड़ित ने पुलिस का सहारा लिया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



