Follow Us:

मंडी में रिटायर फौजी दादा ने पोते को मारी गोली, हालत गंभीर

मंडी के बल्ह में रिटायर फौजी ने पोते को गोली मारी
बाजू और पीठ में लगी गोली, गंभीर हालत में पीजीआई रेफर
घरेलू विवाद और शराब के नशे में वारदात, पुलिस जांच जारी


हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक रिटायर फौजी ने अपने ही पोते पर गोली चला दी। यह घटना बल्ह के लोहारा गांव में रविवार रात करीब 7:30 बजे हुई, जब पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान बहादुर सिंह के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था। परिवार के सदस्यों के साथ कहासुनी के दौरान वह इतना उग्र हो गया कि उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे उसका 23 वर्षीय पोता उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली पहले उमेश के हाथ में लगी और फिर पीठ (हिप के पास) में जा धंसी। मौके पर ही काफी खून बह गया और युवक गिर पड़ा।

घायल उमेश को तुरंत नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उसे आगे पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद घर में तनाव और बढ़ गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी बहादुर सिंह की पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की परिवार के साथ अक्सर कहासुनी होती रहती थी, खासकर शराब के नशे में वह विवाद करता था। रविवार रात भी इसी तरह विवाद बढ़ा और मामला गोलीकांड तक पहुंच गया।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम रात करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।