➤ मंडी के पधर क्षेत्र से साथ रह रहे चार नाबालिगों को संयुक्त टीम ने रेस्क्यू किया
➤ बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश करने के बाद काउंसिलिंग कर परिजनों को सौंपा गया
➤ जांच में सामने आया कि चारों पढ़ाई छोड़ चुके थे, अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर क्षेत्र से साथ रह रहे दो नाबालिग लड़कों और दो नाबालिग लड़कियों को संयुक्त विभागीय टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया। सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि चारों किशोर-किशोरियां पढ़ाई बीच में ही छोड़ चुके थे। समिति के समक्ष दोनों लड़कियों ने लड़कों के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद समिति ने अभिभावकों को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग कराई और बच्चों की शिक्षा व भविष्य को लेकर आवश्यक सलाह दी।
सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद चारों नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अलकनंदा हांडा ने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखने और उनकी पढ़ाई जारी रखने की अपील की।
इसी बीच एक अन्य मामले में गागल पुलिस चौकी क्षेत्र की रहने वाली 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा, जो अपने परिचित युवक के साथ घर से चली गई थी, उसे कांगड़ा जिले के नगरोटा क्षेत्र से बरामद किया गया। छात्रा को भी बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।



