Follow Us:

मंडी में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पांच मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार

पांच अलग-अलग मामलों में 10 नशा तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े
4 किलो से ज्यादा चरस, 3.953 किलो अफीम डोडा और 310 पेटी अवैध शराब बरामद
एसपी बोले- नशे के नेटवर्क पर जीरो टॉलरेंस, किसी को नहीं बख्शेंगे


मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच मामलों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों के दौरान चरस, अफीम डोडा और अवैध शराब की बड़ी खेप भी बरामद की गई है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

सबसे बड़ी कार्रवाई करसोग के देहर मोड़, पझेतरी के पास हुई, जहां पुलिस ने एक कार से 1.875 किलोग्राम चरस बरामद की। इस मामले में पुनीत कुमार (जिला शिमला), पदम सिंह (बगशाड़, मंडी) और नरेश कुमार (करसोग, मंडी) को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने तीनों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

सुंदरनगर के भतेरहड़ फोरलेन पर पुलिस ने एक टाटा कैंटर से 310 पेटियां अवैध शराब बरामद कीं। इस मामले में वाहन चालक अनिल ठाकुर (कोटली, मंडी) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

धनोटू में हरियाणा रोडवेज की एक बस की तलाशी के दौरान 123 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में विशाल सागर (जिला बरेली, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।

वहीं बल्ह के डडौर फोरलेन पर एक टैक्सी से 2.399 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इस मामले में बंटी, गोविंद राम और आशीष (तीनों निवासी नाभा, जिला पटियाला, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है।

एक अन्य कार्रवाई में औट के बालीचौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक मोटरसाइकिल से 3.953 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया। इस मामले में विशाल सिंह और गुरुबक्श सिंह (दोनों निवासी लुधियाना, पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी विनोद कुमार ने कहा कि मंडी पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पता लगाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।