Follow Us:

मंडी में दिल दहला देने वाली घटना: खेलने से रोका तो 13 वर्षीय छात्र ने फं*दा लगाकर दी जा*न


➤ मंडी के सरकाघाट उपमंडल के बड़ा समाहल गांव में 13 वर्षीय छात्र ने उठाया खौफनाक कदम
➤ खेलने से मना कर पढ़ाई करने को कहा, कमरे में जाकर फंदा लगाकर दी जान
➤ नौवीं कक्षा का इकलौता बेटा था, पुलिस मामले की जांच में जुटी


मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के बड़ा समाहल गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र वार्षिक परीक्षा देकर घर लौटा था। गुरुवार शाम को जब वह खेलने जाने लगा तो माता-पिता ने उसे खेलने के बजाय पढ़ाई करने के लिए कहा और डांट लगाई। इसके बाद छात्र अपने कमरे में चला गया।

कुछ देर बाद मां रसोई में खाना बनाने चली गई। करीब एक घंटे बाद जब वह नीचे कमरे में यह देखने पहुंची कि बेटा पढ़ाई कर रहा है या नहीं, तो दरवाजा खोलते ही उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर बेटा पंखे की कुंडी से फंदे पर लटका हुआ मिला

परिवार के लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारकर नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

बताया जा रहा है कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है।

पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

विशेषज्ञों की सलाह
क्षेत्रीय अस्पताल मंडी की मनोचिकित्सक डॉ. अनीता ठाकुर का कहना है कि परीक्षा के दौरान बच्चों में तनाव बढ़ जाता है, इसलिए अभिभावकों को उन पर ज्यादा दबाव नहीं बनाना चाहिए। पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और मानसिक आराम भी बच्चों के लिए जरूरी है, ताकि उनका दिमाग संतुलित रह सके।