Soldier Dies on Duty: उत्तराखंड के देहरादून में ड्यूटी के दौरान मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की ग्राम पंचायत हल्यातर के 26 वर्षीय जवान बसंत सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस दुःखद समाचार से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बसंत सिंह 10 डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे और अपने पीछे पत्नी व डेढ़ वर्षीय बेटे शौर्य को छोड़ गए। उनका पार्थिव शरीर सोमवार प्रातः करीब पैतृक गांव बुरहाली पहुंचा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अब तिरंगे में लौटेगी पार्थिव देह
ग्राम पंचायत उपप्रधान जगत पाल ने बताया कि शनिवार देर रात 11 बजे सेना मुख्यालय से सूचना मिली कि जवान बसंत सिंह की हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई। तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचाने में असफल रहे।
बसंत सिंह हाल ही में अपने परिवार से मिलकर ड्यूटी पर लौटे थे। उन्होंने परिजनों से अगली छुट्टियों में घर आने का वादा किया था, लेकिन किसी को नहीं पता था कि अब वह तिरंगे में लिपटकर लौटेंगे।