➤ पुलिस रिमांड के बीच आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
➤ डीएसपी ने मानसिक स्थिति की जांच करवाने की पुष्टि की
➤ हत्या में इस्तेमाल दराट बरामद, प्रत्यक्षदर्शी महिला की गवाही अहम
मंडी के गोपालपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया गुलेरिया हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। डीएसपी संजीव गौतम ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी का इलाज चल रहा है और उसकी मानसिक स्थिति की भी जांच करवाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल रिमांड पर है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि उसकी मेडिकल रिपोर्ट और मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन जांच की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मंगलवार को छात्रा सिया गुलेरिया का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। नम आंखों के साथ परिजनों और ग्रामीणों ने उसे अंतिम विदाई दी। परिवार में गहरा शोक है और सिया की तीन अन्य बहनें हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अपने साथ दराट रखता था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, एक महिला इस वारदात की प्रत्यक्षदर्शी है, जिसकी गवाही को बेहद अहम माना जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को घेर लिया था। इसी दौरान उसने कुछ युवकों पर भी दराट से हमला किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
यह सनसनीखेज वारदात 13 अप्रैल को उस समय हुई थी, जब 19 वर्षीय छात्रा कॉलेज जा रही थी। आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर धारदार हथियार से हमला किया था। इस घटना ने पूरे मंडी और प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।



