Follow Us:

मणिमहेश यात्रा में बड़ा बदलाव, कुगती परिक्रमा मार्ग पर पूर्ण प्रतिबंध

मणिमहेश यात्रा-2026 में कुगती परिक्रमा मार्ग पर यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित

➤ अब केवल प्रशासन से अधिकृत व पंजीकृत गाइड ही श्रद्धालुओं को ले जा सकेंगे

➤ नियम तोड़ने वालों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत होगी सख्त कार्रवाई


भरमौर। विश्व प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चंबा जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष वाया कुगती परिक्रमा मार्ग से यात्रा पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं को केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित अधिकृत मार्ग से ही यात्रा करने की अनुमति होगी।

एडीएम भरमौर विकास शर्मा और एसडीएम अजय कुमार ने बताया कि कुगती परिक्रमा मार्ग अत्यंत दुर्गम और जोखिमपूर्ण है। बरसात के मौसम में यहां भूस्खलन, ग्लेशियर, पहाड़ियों से पत्थर गिरने और मौसम के अचानक बदलने का खतरा बना रहता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

केवल पंजीकृत गाइड ही ले जा सकेंगे श्रद्धालु

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब केवल प्रशासन से अधिकृत और पंजीकृत गाइड ही श्रद्धालुओं को यात्रा पर ले जा सकेंगे। ऐसे गाइडों के पास यात्रियों के लिए बीमा, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और आपदा की स्थिति में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की क्षमता होना अनिवार्य होगा।

यात्रा से पहले संबंधित गाइड को प्रशासन से अनुमति लेनी होगी और यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी उपलब्ध करानी होगी। यदि कोई व्यक्ति या निजी गाइड प्रतिबंधित मार्ग से श्रद्धालुओं को ले जाता है तो उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 प्रतिबंधित मार्ग पर नहीं मिलेंगी सरकारी सुविधाएं

प्रशासन ने बताया कि प्रतिबंधित कुगती मार्ग पर मेडिकल सहायता, संचार सुविधा, बीमा कवर और आपदा राहत जैसी सरकारी व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हैं। पिछले वर्ष इसी मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं में कई श्रद्धालुओं की जान गई थी। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा मानकों को और सख्ती से लागू किया गया है।

 सितंबर में होगी यात्रा, अगस्त से शुरू होगी हेली टैक्सी

श्री मणिमहेश यात्रा-2026 का आधिकारिक आयोजन 4 सितंबर से 19 सितंबर तक होगा। अब तक करीब 5 हजार श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं श्री मणिमहेश ट्रस्ट अगस्त के दूसरे सप्ताह से हेली टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है, जिससे बुजुर्ग, दिव्यांग और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।