Follow Us:

मनीषा मित्तल हत्याकांड का CCTV वीडियो सामने आया, मास्क पहने 2 शूटर भागते हुए आए, मनीषा के सिर में गोली मारी

शिमला स्कूल संचालिका हत्याकांड का CCTV वीडियो आया सामने

दो शूटरों ने वारदात को अंजाम देकर मौके से लगाई थी फरार

पुलिस ने दोनों आरोपियों को रोहतक से किया गिरफ्तार


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुए चर्चित मनीषा मित्तल हत्याकांड में एक नया घटनाक्रम सामने आया है। संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें वारदात के दौरान दो संदिग्ध हमलावर घटनास्थल के आसपास दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं।

गौरतलब है कि 13 जून को स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल (42) की स्कूल परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी।

सामने आए वीडियो में मनीषा मित्तल स्कूल गेट के बाहर जाती दिखाई देती हैं। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक उनके आसपास नजर आते हैं। पुलिस जांच के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पूरी घटना कुछ ही क्षणों में घटित हुई।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने जांच तेज करते हुए हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष अहलावत (22) निवासी दुजाना, झज्जर और दीपक (25) निवासी रोहतक के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर शिमला लाया गया और अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश किसने रची और इसके पीछे वास्तविक मकसद क्या था। जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर वारदात के मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनीषा मित्तल का अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल प्रबंधन को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं उनके पारिवारिक और व्यावसायिक संबंधों को लेकर भी कई पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या की साजिश रचने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के नाम का खुलासा नहीं किया है।

मनीषा पर गोली मारने के बाद वो जमीन पर गिर गईं। लेकिन हमलावरों ने फिर से कई राउंड फायर किए।

मनीषा मित्तल की हत्या के पीछे संपत्ति, स्कूल प्रबंधन और अन्य व्यक्तिगत विवादों की संभावनाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, क्योंकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या करवाने के पीछे आखिर किसका हाथ था और इसके पीछे क्या कारण रहे।