Follow Us:

शिमला मनीषा हत्याकांड: दो शूटर हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार, हमले में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद

रोहतक से गिरफ्तार हुए दोनों आरोपी, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद
हरियाणा की कार पर हिमाचल का फर्जी नंबर लगाकर पहुंचे थे शिमला
पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और साजिश के एंगल की भी जांच में जुटी


शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिमला पुलिस ने मामले में शामिल दोनों शूटरों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौलें भी बरामद की हैं।

शिमला के एएसपी अभिषेक ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला पहुंचे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की नजर से बचने के लिए हरियाणा नंबर की गाड़ी पर हिमाचल प्रदेश का फर्जी पंजीकरण नंबर लगाया था।

तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने वाहन की वास्तविक पहचान स्थापित की और आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच के बाद झज्जर के दुजाना गांव निवासी आशीष अहलावत (22) और रोहतक निवासी दीपक (25) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी हरियाणा में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा ताकि हत्या की साजिश और अन्य संभावित कड़ियों का खुलासा किया जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना के तुरंत बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया था। घटनास्थल से भौतिक और जैविक साक्ष्य जुटाए गए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल डेटा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों का गहन विश्लेषण किया गया। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को मनीषा मित्तल (42) की स्कूल परिसर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मनीषा मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली थीं और अपनी बेटी के साथ शिमला में रह रही थीं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मनीषा का अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल प्रबंधन को लेकर विवाद चल रहा था। हत्या से पहले उनका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने भाई से जान का खतरा होने की बात कही थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अन्य व्यक्तियों की संभावित संलिप्तता को लेकर जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

मनीषा का अपने पति के साथ भी पारिवारिक विवाद चल रहा था और संबंधित मामला अदालत में विचाराधीन बताया जा रहा है। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश और मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।