Helping Hands Foundation: हमीरपुर जिले के सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान के कला मंच पर 26 जनवरी को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। हेल्पिंग हैंड्स संगठन द्वारा अपने स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यह पांचवां रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। संगठन की स्थापना 26 जनवरी 2021 को की गई थी, जिसका उद्देश्य जरूरतमंदों को आपातकालीन रक्त सेवा उपलब्ध कराना और असहाय लोगों की मदद करना है। अब तक संगठन के रक्तबीर और वीरांगनाओं द्वारा 900 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है।
हेल्पिंग हैंड्स के संस्थापक गोल्डी राजपूत ने कहा कि 18 से 65 वर्ष तक के हर स्वस्थ व्यक्ति इस शिविर में रक्तदान कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पुरुष रक्तबीर यदि तीन महीने पहले रक्तदान कर चुके हैं, तो वे इस शिविर में हिस्सा ले सकते हैं, जबकि महिलाओं के लिए यह अंतराल चार महीने का होना चाहिए। गोल्डी ने लोगों से इस शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की और कहा, “रक्तदान से आप किसी अनजान को नई जिंदगी दे सकते हैं। यह महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं।”



