Mandi Fire Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बीती शाम सराज घाटी के बालीचौकी क्षेत्र की कशौड़ पंचायत के टीटरी गांव में भीषण आग लगने से 18 कमरों का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में पांच भाइयों का संयुक्त परिवार बेघर हो गया है।
शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण
सूत्रों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग लगते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने पहले उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन घर में रखे गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान को नहीं बचाया जा सका।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले सब जल गया
स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश जरूर की, लेकिन भीषण लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका। समय पर फायर ब्रिगेड न पहुंचने के कारण पूरा मकान जलकर खाक हो गया। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
इन परिवारों को हुआ नुकसान
इस अग्निकांड में नंदलाल, मेघ सिंह, मोती राम, लाल सिंह और खेम सिंह का परिवार बेघर हो गया। पंचायत उपप्रधान गुरदेव ने सरकार से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। प्रशासन ने मौके पर पटवारी को भेजकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।



