Follow Us:

हिमाचल में धूप खिलने से चढ़ने लगा पारा, जानें होली पर कैसा रहेगा मौसम

डेस्क |

डेस्क।

हिमाचल प्रदेश में लगातार धूप खिलाने से पारा चढ़ने लगा है। पारा चढ़ने से मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर दिखने लगा है। मंगलवार को भी प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धूप खिली हुई है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 15 से 19 मार्च तक मौसम साफ रहेगा।

बादल छाने के बावजूद बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी। धूप खिलने से प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम साफ रहने से लोग जमकर होली का आनंद ले पाएंगे।

वहीं, दूसरी और गर्मी बढ़ने से पहाड़ों पर बर्फ भी पिघलना शुरू हो गई है। जिसके चलते नदियों में जलस्तर बढ़ने लगा है। चंबा जिले में रावी का जलस्तर बढ़ने से त्यारी गांव के छात्र स्कूल नहीं पहुंच पाए। क्योंकि रावी पर बना पुराना पुल मरम्मत कार्य के चलते उखाड़ा गया है। इसके कारण निचली, ऊपरी त्यारी और कैहला गांव के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।