Follow Us:

बड़सर मिनी सचिवालय का निर्माण पूरा, भाजपा-कांग्रेस में श्रेय की होड़

|

रिपोर्ट:- राजकुमार, हमीरपुर


Barsar Mini Secretariat construction: हमीरपुर जिले की बड़सर विधानसभा में मिनी सचिवालय का 95% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच इसे लेकर राजनीति गरमा गई है। भाजपा का दावा है कि इस परियोजना की नींव 2012 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने रखी थी, और इसके बाद 2017 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में इसका निर्माण शुरू हुआ। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए इस परियोजना के लिए कोई प्रयास नहीं किए।

हालांकि, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 90 लाख रुपए से मिनी सचिवालय का निर्माण संभव नहीं था और मौजूदा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने साढ़े 17 करोड़ रुपए जारी कर इसका निर्माण पूरा कराया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा अब इस निर्माण का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है।

स्थानीय भाजपा समर्थक अश्वनी बन्याल ने कहा कि कांग्रेस का इस परियोजना में कोई योगदान नहीं है और इसका पूरा श्रेय भाजपा प्रवक्ता विनोद ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जाता है। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता राजेश बन्याल ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है और कांग्रेस ने ही असल में मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए ठोस प्रयास किए हैं।

बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि मिनी सचिवालय की नींव 2012 में रखी गई थी, और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मौजूदा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस पर बातचीत की थी। लखनपाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके छूटभैया नेता जनता को गुमराह कर रहे हैं।