• मोदी सरकार ने 2047 तक विकसित भारत की नींव मजबूत की – एसपी सिंह बघेल
• नक्सलवाद 70% घटा, रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि
• दूध और मत्स्य उत्पादन में भारत विश्व में शीर्ष पर
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित काल बताते हुए केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मोदी सरकार ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत की मजबूत नींव रख दी है। उन्होंने इस कालखंड को आधुनिक भारत का स्वर्ण युग बताया।
बुधवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेसवार्ता में बघेल ने कहा कि भारत का भविष्य वैश्विक महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। मोदी सरकार के कार्यकाल में रक्षा बजट में ऐतिहासिक वृद्धि, नक्सलवाद की घटनाओं में 70% की कमी, और दुनिया में सबसे अधिक दूध उत्पादन जैसे अनेक आयाम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दूध उत्पादन में भारत आज विश्व में नंबर वन है, और मत्स्य पालन में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही 2014 की तुलना में भारत के रक्षा निर्यात में 34 गुना वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे भारत वैश्विक रक्षा विनिर्माण केंद्र बनता जा रहा है।
आपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए बघेल ने बताया कि यह अभियान भारत की सर्जिकल स्ट्राइक क्षमताओं का उदाहरण है, जिसमें 9 आतंकी शिविरों को LOC पार और पाकिस्तान के भीतर नष्ट किया गया। यह प्रतिक्रिया पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सशस्त्र बलों की त्रिसेवा प्रतिक्रिया के तहत की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में 116 करोड़ मोबाइल उपभोक्ता हैं, जो डिजिटल इंडिया अभियान की सफलता को दर्शाता है।
इस मौके पर मंच पर मौजूद रहे – हिमाचल भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक पवन काजल, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व मंत्री सर्वीण चौधरी, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा, मीडिया सह प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, भाजपा महामंत्री देवेंद्र कोहली व चंद्र भूषण नाग।