Follow Us:

कल से 10 दिन का मानसून सत्र, सत्र से पहले विपक्ष ने जाहिर किए अपने इरादे

|

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र कल मंगलवार 11 बजे से शुरु होने जा रहा है। दस दिन के सत्र के शुरु होने के पहले आज सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। जिसमें विपक्ष की तरफ़ से कोई नही पहुंचा है। जिससे साफ़ हो गया है कि सदन में विपक्ष पूरी तैयारी के साथ आएगा और सदन में हंगामे के पुरे आसार हैं। सदन में कुल 936 सवाल आ चुके हैं। जिसमें 640 तारांकित जबकि 296 अतारंकित हैं। इसके अलावा नियम 101के तहत 10, नियम 62 के तहत 7, 63 के तहत 1, 130 के तहत 20 और नियम 324 के तहत 4 चर्चाएं आई है।

सर्वदलीय बैठक में विपक्ष के न पहुंचने को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है। सत्र 27 अगस्त से 9 सितंबर तक चलेगा। कल 11 बजे से आरंभ हो रहे सेशन में सबसे पहले दिवंगत सदस्यों के प्रति शोकोद्गार होगा। सदन के पूर्व सदस्यों टेक चंद, नारायण सिंह स्वामी व दौलतराम चौधरी की स्मृतियों को साझा किया जाएगा।उसके बाद प्रश्नकाल में सहारा योजना, मंडी हवाई अड्डा, आपदा से नुकसान, स्वास्थ्य जैसे विषयों पर सवाल आएंगे। इसके अलावा कुछ विधेयक भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।बरसात के दौरान हुए नुकसान को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच तकरार के आसार हैं।

उधर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सर्वदलीय बैठक में विपक्ष के नेता के न आने पर कहा कि ये संसदीय परम्पराओं के लिए उचित नही है। ऐसा पहली बार हुआ की बैठक में विपक्ष नही आया यदि जय राम ठाकुर को नही आना था तो वह अपनी जगह किसी और को भेज सकते थे। भाजपा ने ऑपरेशन लोटस का जो प्रयास किया वह असफल रहा है। अब विपक्ष चुपचाप 2027 तक विपक्ष की सकारात्मक भूमिका अदा करते हुए जनता के मसलों को सदन में उठाए।