Follow Us:

नयनादेवी-आनंदपुर साहिब रोप-वे का रास्ता साफ, पंजाब और हिमाचल के बीच MOU साइन

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को पंजाब सरकार के साथ नयनादेवी-आनंदपुर साहिब रोपवे प्राजेक्ट के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर साइन किया। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने सीएम जयराम की तारीफ़ करते हुए कहा कि आखिरकार दोनों सरकारों की कोशिश रंग लाई है। इस मौके पर पंजाब के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।

सूत्रों की मानें तो इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री के आवास पर दोनों मुख्यमंत्रियों की बैठक होगी। शाम करीब 3 बजे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर देहरादून में होने वाली बैठक के लिए रवाना होंगें। इस रोपवे प्राजेक्ट पर दोनों सरकारों की समान भागीदारी होगी। दोनों राज्य सरकार 50-50 लाख खर्च  करेगी।

निदेशक मंडल में 10 निदेशक होंगे। दोनों राज्य सरकारें 5-5 निदेशक मनोनीत करेंगी। इस परियोजना के पर्यवेक्षण, निगरानी और प्रचालन के लिए दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों की अध्यक्षता में एक शीर्ष समिति का गठन किया जाएगा, जो सर्वसम्मति से निर्णय लेगी।

इस समिति में दोनों सरकारों के मुख्य सचिव के अलावा कई अफसरों को शामिल किया गया है। इस परियोजना की रियायत अवधि 40 साल की होगी, जिसमें निर्माण के तीन वर्ष शामिल नहीं है।