➤ 26 जुलाई को विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला में होगा Mr. & Ms. धौलाधार कॉन्टेस्ट 2026
➤ स्कूलों और कॉलेजों से मांगे गए प्रतिभागियों के नामांकन, 24 जुलाई तक पंजीकरण
➤ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, सामान्य ज्ञान और आत्मविश्वास के आधार पर होगा चयन
नागरोटा बगवां। विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली बाल मेला 2026 के तहत युवाओं की प्रतिभा और व्यक्तित्व को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘Mr. & Ms. धौलाधार कॉन्टेस्ट 2026’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 26 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे गांधी ग्राउंड, नागरोटा बगवां में आयोजित होगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों के नामांकन आमंत्रित किए हैं।

आयोजन समिति की ओर से जारी आमंत्रण के अनुसार यह प्रतियोगिता किसी भी प्रकार की ब्यूटी पेजेंट नहीं है, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर आधारित एक विशेष मंच है। इसका उद्देश्य ऐसे युवा प्रतिभागियों को पहचान देना है जो आत्मविश्वास, प्रभावी संवाद, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता जैसी विशेषताओं से परिपूर्ण हों। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने विचार व्यक्त करने, प्रतिभा दिखाने और समाज से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “Responsible Choices for a Bright Future” रखी गई है। प्रतियोगियों का मूल्यांकन कम्युनिकेशन स्किल, क्रिटिकल थिंकिंग, जनरल अवेयरनेस तथा कॉन्फिडेंस एंड पर्सनैलिटी के आधार पर किया जाएगा। निर्णायक मंडल प्रतिभागियों की मंच प्रस्तुति, अभिव्यक्ति, निर्णय क्षमता और समसामयिक विषयों की समझ का आकलन करेगा।

प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण Introduction & Vision Round में प्रतिभागी अपना परिचय देंगे और अपने भविष्य के विजन को साझा करेंगे। दूसरे चरण ‘रंग हिमाचल के’ में प्रतिभागी पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद अंतिम Wisdom Round में शीर्ष 10 प्रतिभागियों का चयन होगा, जहां उनसे विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर उनकी सोच, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि विजेता एवं उपविजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। इच्छुक छात्र-छात्राएं अपना पूरा नाम, आयु, संस्थान का नाम, कक्षा तथा रुचियां व्हाट्सएप नंबर 98163 19850 पर भेजकर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित की गई है। अधिक जानकारी के लिए निखिल शर्मा से इसी मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
आयोजन समिति ने सभी स्कूलों और कॉलेजों से अपील की है कि वे अपने योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें, ताकि युवा अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देकर भविष्य के लिए प्रेरणा बन सकें।



