Follow Us:

आरएस बाली का राजनीतिक भविष्य बहुत उज्‍जवल, पिता की विरासत को संभालकर आगे बढ़ा रहे : डिप्टी सीएम मुकेश अग्न्हिोत्री

डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री बोले- जी.एस. बाली की सबसे बड़ी पूंजी उनकी जनसेवा और विकास कार्य हैं
आरएस बाली को बताया पिता की मजबूत राजनीतिक विरासत का उत्तराधिकारी, कहा- लंबा और सफल राजनीतिक भविष्य उनका इंतजार कर रहा है
नगरोटा के विकास में जी.एस. बाली के योगदान को बताया ऐतिहासिक, कहा- उन्हें जाने के बाद भी लोग याद करते


नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित जी.एस. बाली बाल मेले के भव्य मंच से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भावुक संबोधन देते हुए कहा कि जी.एस. बाली आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विकास कार्य, जनसेवा और जनता का प्रेम आज भी उन्हें जीवंत बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से पूरा हिमाचल प्रदेश का राजनीतिक और प्रशासनिक नेतृत्व नगरोटा बगवां में मौजूद है और यह किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि जी.एस. बाली द्वारा जीवनभर कमाई गई जनविश्वास की पूंजी का सम्मान है।

“पूरी सरकार का यहां होना जी.एस. बाली की कमाई है”

डिप्टी सीएम ने कहा कि आरएस बाली पहली बार विधायक बने हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, मंत्रिमंडल के कई सदस्य और वरिष्ठ नेता नगरोटा बगवां में मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी पद का सम्मान नहीं, बल्कि स्वर्गीय जी.एस. बाली की वर्षों की मेहनत, जनसेवा और जनता के विश्वास की कमाई है।

उन्होंने मुस्कुराते हुए आरएस बाली से कहा कि उन्हें अपने पिता से बहुत बड़ी राजनीतिक और सामाजिक विरासत मिली है और इस विरासत को संभालकर आगे बढ़ाना अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

“चुनाव जीतना आसान नहीं, लगातार जीत जनता के विश्वास का प्रमाण है”

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र में एक चुनाव जीतना भी आसान नहीं होता, लेकिन जो नेता लगातार जनता का विश्वास जीतते हैं, वही इतिहास बनाते हैं। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली चार बार विधायक बने और हर कार्यकाल में विकास की नई पहचान छोड़ी। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव वही जीत सकता है, जिसने जनता के लिए ईमानदारी से काम किया हो।

“नगरोटा के विकास का रिकॉर्ड आज भी बाली के नाम”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नगरोटा बगवां के लिए जी.एस. बाली ने जितने विकास कार्य किए, वे अपने आप में रिकॉर्ड हैं। उन्होंने कहा कि अपने लगभग दो दशक के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, डिग्री कॉलेज, आधुनिक बस अड्डा, एचआरटीसी डिपो, सड़कें और अनेक विकास परियोजनाएं क्षेत्र को दीं। उन्होंने कहा कि शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो, जहां जी.एस. बाली की विकास की छाप दिखाई न देती हो।

“वीरभद्र सिंह से बहस भी होती थी, लेकिन मुद्दा हमेशा जनता का होता था”

मुकेश अग्निहोत्री ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने मंत्रिमंडल में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और जी.एस. बाली दोनों के साथ काम किया। कई बार दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस भी होती थी, लेकिन उसका कारण व्यक्तिगत नहीं, बल्कि नगरोटा बगवां के विकास के मुद्दे होते थे। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना पर निर्णय नहीं होता था तो जी.एस. बाली फाइल लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुंच जाते थे और क्षेत्र के लिए संसाधन लेकर ही लौटते थे।

“हमारी राजनीति विकास और गरीब की सेवा की राजनीति है”

डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति सत्ता की नहीं, बल्कि विकास, जनकल्याण और गरीब की सेवा की राजनीति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यही जी.एस. बाली की भी सोच थी।

“जहां भी नगरोटा देखता हूं, जी.एस. बाली याद आते हैं”

उन्होंने कहा कि जब भी वह नगरोटा बगवां आते हैं तो यहां का बस अड्डा, एचआरटीसी डिपो, शैक्षणिक संस्थान और अन्य विकास कार्य देखकर स्वर्गीय जी.एस. बाली की याद स्वतः ताजा हो जाती है। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली ने हजारों युवाओं को रोजगार और अवसर दिलाने का काम किया, जिसे क्षेत्र की जनता कभी नहीं भूल सकती।

उन्होंने यह भी बताया कि एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा के सहयोग से नगरोटा बगवां क्षेत्र के लिए 10 नई बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

“आरएस बाली का राजनीतिक भविष्य बहुत लंबा है”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आरएस बाली जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं और उनमें एक सफल जनप्रतिनिधि बनने के सभी गुण मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि वह जनता का विश्वास इसी तरह बनाए रखेंगे तो उनका राजनीतिक भविष्य बेहद उज्ज्वल होगा। उन्होंने कहा कि लोगों का प्रेम और विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है और आरएस बाली को इस अमूल्य विरासत को संभालकर आगे बढ़ाना चाहिए।

“बेटा बाप से भी बेहतर बने, यही शुभकामना”

अपने संबोधन के अंत में मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जैसे जी.एस. बाली बच्चों और युवाओं से आत्मीयता के साथ जुड़ते थे, उसी प्रकार आरएस बाली भी लोगों के बीच अपनापन लेकर चलते हैं। उन्होंने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर पिता की इच्छा होती है कि उसका बेटा उससे भी आगे बढ़े और उन्हें विश्वास है कि आरएस बाली भी जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।

उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि “वास्तविक इंसान वही होता है, जिसे दुनिया छोड़ने के बाद भी लोग सम्मान और प्यार से याद करें। जी.एस. बाली ऐसे ही जननेता थे।”