Follow Us:

मनाली में गिरी जिमनी, दो युवकों की दर्दनाक मौत; तीन घायल अस्पताल में भर्ती

मनाली के ओल्ड मनाली में देर रात जिमनी वाहन अनियंत्रित होकर मनालसू नाले में गिरा
मंडी और कुल्लू के दो युवकों की मौके पर मौत, तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की


मनाली/कुल्लू। पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा क्लब हाउस के समीप उस समय हुआ, जब एक जिमनी (HP-26A-0011) अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में गिरते हुए मनालसू नाले में जा पहुंची।

पुलिस के अनुसार, होटल प्रबंधक जयंत तिवारी, निवासी झलोड़ी (जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड), ने रात करीब एक बजे वाहन गिरने की तेज आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि काले रंग की जिमनी सड़क से नीचे नाले में गिरी हुई थी। इसके बाद तुरंत पुलिस और राहत दल को सूचना दी गई।

हादसे में 32 वर्षीय रोहित कुमार, निवासी झीड़ी (जिला मंडी) और करूण बौद्ध, निवासी बजौरा (जिला कुल्लू) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।