➤ नगरोटा बगवां नगर परिषद में कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान बनेंगे अध्यक्ष
➤ आरक्षित सीट के समीकरण में कांग्रेस ने मारी बाजी, राहुल धीमान बने एकमात्र विजेता SC उम्मीदवार
➤ राहुल धीमान की जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न, विकास की राजनीति पर जनता ने लगाई मुहर
नगरोटा बगवां नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस बड़ी राजनीतिक बढ़त हासिल करते हुए अध्यक्ष पद कब्जाने जा रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार राहुल धीमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद का चुनाव चुनाव जीत लिया। परिणाम सामने आते ही नगरोटा बगवां में कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल बन गया। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का स्वागत किया।
बता दें कि नगरोटा बगवां नगर परिषद चुनाव में भले ही भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने कुछ वार्डों में बढ़त हासिल की हो, लेकिन नगर परिषद अध्यक्ष पद की सबसे बड़ी कुर्सी कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान के खाते में जाती नजर आ रही है। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण राहुल धीमान इस वर्ग से जीत दर्ज करने वाले एकमात्र उम्मीदवार बनकर उभरे हैं। ऐसे में नगरोटा बगवां की राजनीति में कांग्रेस ने रणनीतिक बढ़त हासिल कर ली है।
नगर परिषद चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता ने विकास, जनसंपर्क और साफ राजनीति पर भरोसा जताया है। राहुल धीमान की जीत को कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नेताओं का दावा है कि नगरोटा बगवां में कांग्रेस की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है और यह परिणाम उसी का संकेत है।
वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 216 वोट हासिल किए। उन्होंने भाजपा समर्थित बिशन दास को 44 मतों से हराया। इस वार्ड में अर्जुन को 72 और दूसरे प्रत्याशी राहुल को 36 वोट प्राप्त हुए। राहुल धीमान की जीत के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और मिठाइयां बांटीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे जनता के विश्वास और विकास की जीत बताया।
अध्यक्ष पद के आरक्षण ने पूरे राजनीतिक समीकरण को बदल दिया। कांग्रेस समर्थित खेमे का मानना है कि अध्यक्ष पद पर राहुल धीमान के आने से नगर परिषद में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
वार्ड नंबर-1 से राकेश कायस्था ने 378 वोट लेकर जीत दर्ज की। वार्ड नंबर-2 में सपना कटोच ने बेहद कांटे की टक्कर में पूजा देवी को 8 वोटों से हराया। वार्ड नंबर-3 में आशा कुमारी ने ममता को केवल एक वोट से मात दी, जो पूरे चुनाव का सबसे रोमांचक मुकाबला रहा।
वार्ड नंबर-5 में मधु शर्मा ने 371 वोट लेकर बड़ी जीत हासिल की। वार्ड नंबर-6 से दीपशिखा ने 300 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि वार्ड नंबर-7 में मुकेश मेहता विजयी रहे। चुनाव परिणाम आने के बाद अब नगर परिषद के गठन और अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
राहुल धीमान ने अपनी जीत के बाद नगरोटा बगवां की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में सड़क, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही युवाओं के लिए नए अवसर और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में काम किया जाएगा।
नगरोटा बगवां में कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान का अध्यक्ष पद तक पहुंचना स्थानीय राजनीति में पार्टी को नई मजबूती दे सकता है। कांग्रेस इसे जनता के भरोसे और संगठन की मजबूती की बड़ी जीत के तौर पर देख रही है।



