Follow Us:

नगरोटा बगवां बनेगा जीरो वेस्ट: विधायक आरएस बाली ने स्वच्छता प्रहरियों को किया सम्मानित, नए प्रोजेक्ट का आगाज

  • नगरोटा बगवां की 15 पंचायतों में ₹1.35 करोड़ की ‘अपना नगरोटा’ परियोजना शुरू

  • आरएस बाली ने किया शुभारंभ, कीरचंबा में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई का उद्घाटन

  • एचडीएफसी बैंक परिवर्तन और वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के सहयोग से पंचायतों को ‘जीरो वेस्ट’ बनाने का लक्ष्य


नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और ठोस कचरे के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के सहयोग से वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी द्वारा ‘अपना नगरोटा – परिवर्तन: एक सोच’ परियोजना का शुभारंभ किया गया। नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने परियोजना का शुभारंभ करने के साथ ग्राम पंचायत कीरचंबा में स्थापित प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई का उद्घाटन भी किया।

इस परियोजना के लिए एचडीएफसी बैंक परिवर्तन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ₹1.35 करोड़ प्रदान किए हैं। परियोजना के प्रथम चरण में नगरोटा बगवां विकास खंड की 15 ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से कचरा संग्रहण सेवाएँ शुरू की जाएँगी। इसके अंतर्गत सूखे कचरे का व्यवस्थित संग्रहण, पृथक्करण और उचित निपटान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कीरचंबा स्थित प्लास्टिक कचरा प्रबंधन इकाई में एकत्रित सूखे कचरे को विभिन्न श्रेणियों में अलग-अलग कर उसका उचित प्रबंधन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था विकसित करना और पंचायतों को ‘जीरो वेस्ट’ की दिशा में आगे बढ़ाना है।

इस अवसर पर आर एस बाली ने स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई साथियों तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था के संचालन में योगदान देने वाले स्थानीय उद्यमी को सम्मानित किया। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

समारोह को संबोधित करते हुए आरएस बाली ने कहा, “अपना नगरोटा अपनाना है, अपना नगरोटा स्वच्छ बनाना है।” उन्होंने कहा कि ‘अपना नगरोटा – परिवर्तन: एक सोच’ केवल कचरा प्रबंधन की परियोजना नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे इस व्यवस्था को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें, कचरे के उचित प्रबंधन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएँ और स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।

 

आर एस बाली ने प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय क्षेत्रवासियों के आपसी समन्वय को इस पहल की सफलता के लिए आवश्यक बताते हुए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इस स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से पूरे नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र में विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पंचायतों को इसका लाभ मिल सके और क्षेत्र में स्वच्छता की प्रभावी एवं टिकाऊ व्यवस्था विकसित हो।

आर एस बाली ने इस पहल में सहयोग के लिए एचडीएफसी बैंक परिवर्तन और वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थाओं, प्रशासन, पंचायतों और आम जनता के सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल किया जा सकता है।

वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी के प्रतिनिधि विनय बेदी ने परियोजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आरएस बाली, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों का आभार जताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्रवासियों की सक्रिय भागीदारी और सभी सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से यह परियोजना नगरोटा बगवां में प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आर एस बाली ने कहा कि ‘अपना नगरोटा – परिवर्तन: एक सोच’ परियोजना स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल के माध्यम से जनभागीदारी, प्रभावी संचालन और कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देते हुए नगरोटा बगवां की पंचायतों में स्वच्छता की ऐसी व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे क्षेत्रवासी लंबे समय तक अपनाएँ और आगे बढ़ाएँ।

अंत में आर एस बाली ने दोहराया कि “अपना नगरोटा अपनाना है, अपना नगरोटा स्वच्छ बनाना है।” उन्होंने कहा कि जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों से नगरोटा बगवां को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने के संकल्प को साकार किया जा सकता है।