Follow Us:

विकास पुरूष श्री जी.एस. बाली बाल मेले में खुलेंगे रोजगार के द्वार, 25-26 को लगेगा रोजगर मेला, नामी कंपनियां पहुंचेंगी

25-26 जुलाई को नगरोटा बगवां में आयोजित होगा चतुर्थ विशाल रोजगार मेला

देश की नामी कंपनियां 10वीं से पीजी, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और फार्मा युवाओं का करेंगी चयन

आर.एस. बाली की पहल से हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार का सुनहरा अवसर


नगरोटा बगवां। हिमाचल प्रदेश के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। 25 और 26 जुलाई, 2026 को गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, नगरोटा बगवां में चतुर्थ विशाल रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। यह रोजगार मेला नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली के मार्गदर्शन में विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की जयंती के अवसर पर आयोजित हो रहा है। आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

एक मंच पर मिलेंगी देश की प्रतिष्ठित कंपनियां

रोजगार मेला कोऑर्डिनेटर अमित सूद ने बताया कि इस बार भी देश की कई प्रतिष्ठित कंपनियां मेले में भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। उन्होंने कहा कि आर.एस. बाली का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी योग्य युवा केवल अवसरों के अभाव में बेरोजगार न रहे। इसी सोच के साथ लगातार रोजगार सृजन के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अब युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियां एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगी, जहां अभ्यर्थी सीधे इंटरव्यू देकर रोजगार पाने का अवसर प्राप्त कर सकेंगे। इससे युवाओं का समय, धन और मेहनत तीनों की बचत होगी।

10वीं से पीजी तक के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बी.टेक, फार्मा तथा अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से जुड़े युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर 25 एवं 26 जुलाई को गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, नगरोटा बगवां पहुंचना होगा।

आर.एस. बाली खुद उठा रहे हैं आयोजन का पूरा खर्च

अमित सूद ने बताया कि यह रोजगार मेला केवल एक भर्ती अभियान नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने का एक सामाजिक अभियान है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में भाग लेने वाली सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं का पूरा खर्च आर.एस. बाली स्वयं वहन करते हैं, ताकि रोजगार उपलब्ध कराने के इस अभियान में किसी प्रकार की कमी न रहे।

अभ्यर्थियों के लिए भोजन की भी रहेगी व्यवस्था

रोजगार मेले में आने वाले सभी युवाओं के लिए दोपहर के भोजन की निःशुल्क व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने प्रदेश के सभी पात्र और इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन एक बार फिर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और प्रदेश के सबसे सफल रोजगार मेलों में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।