Follow Us:

25-26 जुलाई को नगरोटा बगवां में सजेगा हिमाचल का सबसे बड़ा रोजगार मेला, हजारों युवाओं को मिलेगा सुनहरा अवसर

25-26 जुलाई को नगरोटा बगवां में आयोजित होगा चतुर्थ विशाल रोजगार मेला
देश की नामी कंपनियां 10वीं से पीजी, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक और फार्मा युवाओं का करेंगी चयन
आर. एस. बाली के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की अनूठी पहल


हिमाचल प्रदेश के हजारों शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। नगरोटा बगवां में 25 और 26 जुलाई, 2026 को प्रदेश का सबसे बड़ा रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह चतुर्थ विशाल रोजगार मेला माननीय विधायक नगरोटा बगवां एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर. एस. बाली के मार्गदर्शन में उनके पूज्य पिता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री विकास पुरुष स्वर्गीय जी. एस. बाली की जयंती के अवसर पर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, नगरोटा बगवां में आयोजित होगा।

रोजगार मेला कोऑर्डिनेटर अमित सूद ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आर. एस. बाली ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का जो संकल्प लिया है, उसे साकार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके विशेष प्रयासों से इस बार भी देश की अनेक नामी कंपनियां रोजगार मेले में भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन करेंगी।

उन्होंने कहा कि अब रोजगार की तलाश में युवाओं को दूसरे राज्यों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एक ही मंच पर विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियां साक्षात्कार लेकर योग्य उम्मीदवारों का चयन करेंगी। इससे युवाओं का समय और धन दोनों बचेगा तथा उन्हें अपने ही प्रदेश में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 25 एवं 26 जुलाई को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, नगरोटा बगवां पहुंचकर विभिन्न कंपनियों के साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। यह रोजगार मेला विशेष रूप से 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बी.टेक, फार्मा तथा अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से जुड़े युवाओं के लिए सुनहरा अवसर होगा।

अमित सूद ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक आयोजन नहीं बल्कि युवाओं के भविष्य को संवारने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में भाग लेने वाली सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाला पूरा खर्च आर. एस. बाली स्वयं वहन करते हैं। उनका स्पष्ट संकल्प है कि रोजगार सृजन के इस अभियान में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में आने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रदेश के सभी पात्र एवं इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की। उनका विश्वास है कि यह आयोजन एक बार फिर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े एवं सफल रोजगार मेलों में अपनी पहचान को और मजबूत करेगा।