➤ नारकंडा में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान इनोवा वाहन से 9.28 किलो अफीम बरामद की
➤ तीन नेपाली मूल के आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर ₹12 लाख नकद जब्त
➤ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच तेज
शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नारकंडा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन नेपाली मूल के कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.28 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई 10 अप्रैल 2026 को डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति एक वाहन में अवैध रूप से अफीम लेकर नारकंडा क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी की और एक इनोवा वाहन को जांच के लिए रोका।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 9.28 किलो अफीम और ₹12 लाख नकद बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एन बहादुर उर्फ राजू (41), चक्रा बहादुर (25) और मोहन साही (44) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों नेपाल के जाजरकोट क्षेत्र के निवासी हैं और लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त होने की आशंका है।
इस मामले में कुमारसैन पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, सप्लाई चैन और बैकवर्ड लिंकेज की जांच में जुट गई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है।



