Follow Us:

राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता से युवाओं को मिला बड़ा मंच: राकेश जमवाल

➤ सुंदरनगर में चौथी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन
➤ युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मिला बड़ा मंच
➤ राकेश जमवाल बोले– खेलों से युवाओं का भविष्य और प्रदेश की पहचान मजबूत


सुंदरनगर। सुंदरनगर के बी.बी.एम.बी. मैदान में आयोजित चौथी एनटीपीसी राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जमवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी तीरंदाजी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राकेश जमवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भूमि है और यहां के युवा लगातार खेलों में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश के खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में खेलों के विकास को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। खेलो इंडिया नीति–2025 के माध्यम से देशभर में खेल अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे युवाओं को खेलों में बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

राकेश जमवाल ने बताया कि खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में 18 खेलो इंडिया केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में लगभग 280 खिलाड़ियों को पूर्व ओलंपियन खिलाड़ियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त हो रहा है और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि तीरंदाजी जैसे खेलों में हिमाचल के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं और इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने का अवसर देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बधाई दी और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कर्नल संजय वर्मा (सेवानिवृत्त), उपाध्यक्ष HPAA, रघुनाथ राणा, महासचिव HPAA, भाजपा अध्यक्ष जितेंदर शर्मा और नरेश वर्मा, महासचिव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।