➤ हिमकॉन अध्यक्ष विकेश चौहान ने प्रतिनिधिमंडल संग मुख्यमंत्री से की भेंट
➤ सरकार की प्राथमिकता – किसान, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था
➤ दूध व प्राकृतिक खेती उत्पादों पर तय एमएसपी का मुख्यमंत्री ने किया उल्लेख
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल के साथ हिमकॉन के प्रबंध निदेशक एवं अध्यक्ष विकेश चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से मुलाकात की और उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर आभार व्यक्त किया। विकेश चौहान ने भरोसा दिलाया कि वे पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूर्ण समर्पण से कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार रामपुर से किसी व्यक्ति को यह जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे कर चुकी है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, हिमाचल की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, इसलिए सरकार की नीतियां किसान और ग्राम उत्थान केंद्रित हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है और इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई पहल की हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राकृतिक खेती से उगाए उत्पादों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) तय कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से गेहूं 60 रुपये/किलो, मक्का 40 रुपये/किलो और कच्ची हल्दी 90 रुपये/किलो की दर से खरीदी की जा रही है। वहीं गाय का दूध 51 रुपये/लीटर और भैंस का दूध 61 रुपये/लीटर के समर्थन मूल्य पर लिया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, यदि किसान खरीद केंद्र से दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर स्वयं दूध पहुंचाते हैं, तो उन्हें 2 रुपये प्रति लीटर की अतिरिक्त सब्सिडी भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार की नीतियां किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में निरंतर काम कर रही हैं।



