Follow Us:

न्यू शिमला में पालमपुर के पूर्व JE का शव मिला, फ्लैट में अकेले रहते थे


➤ न्यू शिमला के सेक्टर-04 में फ्लैट से 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद
➤ मृतक पालमपुर के थुरल का निवासी, बिजली विभाग में JE पद से ले चुके थे स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति
➤ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए IGMC भेजा, BNSS की धारा 194 के तहत जांच शुरू


शिमला। राजधानी शिमला के न्यू शिमला क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव फ्लैट के अंदर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रवेश कुमार (50) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव थुरल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के निवासी थे और न्यू शिमला में अकेले रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 की दोपहर बाद पुलिस थाना न्यू शिमला को सूचना मिली कि ब्लॉक-50, सेक्टर-04 न्यू शिमला में रहने वाला व्यक्ति काफी समय से अपने घर का दरवाजा नहीं खोल रहा है। इससे आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर प्रवेश कुमार का शव बरामद हुआ

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर (JE) के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और एंग्जायटी की दवाइयां ले रहे थे

जानकारी के मुताबिक उनकी पत्नी का वर्ष 2021 में निधन हो चुका है और उनकी कोई संतान नहीं है, जिसके चलते वे शिमला में अकेले रह रहे थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला भेजकर शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। पोस्टमार्टम 7 मार्च को किया जाएगा

प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। फिलहाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।