चंबा में लैंडस्लाइड की चपेट में आया पुल:8 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण, उद्घाटन से पहले दूसरी बार नुकसान

|

  • चंबा में 8 करोड़ की लागत से बना पुल लैंडस्लाइड की चपेट में आया।
  • उद्घाटन से पहले दूसरी बार हुआ पुल को नुकसान।
  • निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी कटान को माना जा रहा वजह।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नाबार्ड परियोजना के तहत निर्मित उरेई सामरा वैली पुल एक बार फिर लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया। शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुए इस भूस्खलन से पुल को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा यह पुल ग्राम पंचायत जगत और रूनहकोठी को जोड़ने के लिए बनाया गया था। 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का कार्य सारनी से अंदरेड तक जारी था। लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही यह पुल लगातार प्राकृतिक आपदाओं की चपेट में आ रहा है।

पिछले पांच महीनों में यह दूसरी बार लैंडस्लाइड हुआ है। इससे पहले नवंबर-दिसंबर में भी इसी पुल का एक हिस्सा भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ था। उस समय अस्थायी मरम्मत कर इसे ठीक किया गया था, लेकिन दोबारा हुई इस घटना ने पुल की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण के दौरान ठेकेदार ने वाहनों की आवाजाही के लिए पहाड़ी को काटकर रास्ता चौड़ा किया था, जिससे यह स्थान कमजोर हो गया और बार-बार लैंडस्लाइड हो रहा है। पुल का उद्घाटन अभी बाकी है, लेकिन लगातार हो रहे नुकसान के कारण यह परियोजना पहले ही विवादों में आ चुकी है।