Follow Us:

एचआरटीसी के घाटे में चल रहे रूट फिलहाल नहीं होंगे बंद: अजय वर्मा

|

Ajay Verma Jwalamukhi visit: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अजय वर्मा का कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता हरीश कपूर की अगुवाई में स्थानीय कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनका अभिनंदन किया। ज्वालामुखी बस स्टैंड पहुंचने पर एचआरटीसी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर शेंकी कपूर सहित कई युवा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अजय वर्मा ने हाल ही में शिमला में पदभार ग्रहण किया था और यह उनका कांगड़ा जिले का पहला आधिकारिक दौरा था। स्वागत समारोह के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनसे परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर अजय वर्मा ने घोषणा की कि निगम के घाटे में चल रहे रूट फिलहाल बंद नहीं किए जाएंगे। जब तक कोई नई व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक सभी बस सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी। उन्होंने निगम को आर्थिक संकट से उबारने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि जल्द ही परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

एचआरटीसी उपाध्यक्ष ने पेंशन भोगियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पेंशन के भुगतान के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि पेंशनरों को समय पर राशि मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निगम की सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिले और निगम का राजस्व भी बढ़े। अजय वर्मा ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कैबिनेट रैंक प्राप्त आर.एस. बाली का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता रहेगी और एचआरटीसी को घाटे से निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।