Follow Us:

हिमाचल के इस स्‍कूल में 10वीं में एक भी छात्र पास नहीं, जानें वजह

  • चारना स्कूल में 10वीं कक्षा के 21 में से कोई भी छात्र पास नहीं हुआ, गणित और साइंस में अधिकतर फेल

  • पांच शिक्षक पद 2023 से खाली, SMC ने शिक्षा मंत्री और अधिकारियों से कई बार की मांग

  • सलग्रां स्कूल में 12वीं के तीनों छात्र फेल, जबकि चार टीचर तैनात हैं


Himachal Education: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चारना में शिक्षा व्यवस्था की खस्ता हालत उजागर हो गई है। यहां दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले सभी 21 छात्र फेल हो गए हैं। स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) का कहना है कि लगातार आग्रह के बावजूद शिक्षकों की तैनाती नहीं हुई, जिससे रिजल्ट पर बुरा असर पड़ा है।

SMC अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि स्कूल में प्रिंसिपल, टीजीटी (नॉन-मेडिकल), पीटीआई, कंप्यूटर शिक्षक सहित कुल पांच पद 2023 से रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, स्थानीय विधायक और शिक्षा निदेशक तक कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।

10वीं के 21 छात्रों में से तीन छात्रों की कंपार्टमेंट जरूर आई है, लेकिन कोई छात्र पास नहीं हो पाया। इससे अभिभावकों में आक्रोश और निराशा है।

इतना ही नहीं, चारना स्कूल की 12वीं कक्षा में भी 16 में से 6 छात्र फेल हो गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल से निकालने का मन बना लिया है।

SMC अध्यक्ष का कहना है कि स्कूल की बिल्डिंग भी खस्ता हालत में है, और बरसात के दिनों में छात्रों को क्लास में बैठना मुश्किल हो जाता है।

दूसरी ओर, लाहौल-स्पीति जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलग्रां में भी 12वीं के तीनों छात्र फेल हो गए हैं, जबकि यहां चार शिक्षक तैनात हैं। इससे शिक्षा प्रणाली की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठते हैं।