प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों पर 31 मार्च 2019 तक पूरी तरह से रोक लगा दी है। इस संबंध में सरकार की और से आदेश जारी कर दिए गए हैं। ये आदेश तुरंत प्रभाव से लागू माने जाएंगे। कार्मिक विभाग ने इस मामले में शिक्षा विभाग को निर्देश दे दिए हैं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि 31 मार्च 2019 तक स्कूलों से किसी भी शिक्षक का तबादला नहीं होगा। एेसे में अब अगले साल अप्रैल में ही तबादलों की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
शिक्षकों के तबादलों पर रोक लगाने का मुख्य कारण खराब परीक्षा परिणाम बताया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र के मध्य में शिक्षकों के तबादले होने से स्कूलों और कॉलेजों में छात्रों की पढ़ाई प्रभवित हो रही थी जिसके चलते सरकार ने तबादलों पर रोक लगाई है। तबादलों पर रोक लगने से शिक्षा विभाग के अधिकारी भी कुछ समय तक राहत की सांस लेंगे।
गौरतलब है कि जयराम सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में करीब 19248 तबादले हुए हैं। इनमें से शिक्षा विभाग में सबसे अधिक तबादले हुए हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 27 दिसंबर 2017 से जुलाई 2018 तक शिक्षा विभाग में 19000 से ज्यादा शिक्षकों के तबादले हुए हैं। इनमें प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 5540 तबादले हुए जबकि उच्च शिक्षा विभाग में 4882 तबादले हुए हैं। हालांकि इनमें से 1000 से अधिक मामलों पर कार्ट ने स्टे दिया है।



