Follow Us:

अब 5 मिनट में तय होगा धर्मशाला से मैक्लोडगंज का सफर

डेस्क |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को धर्मशाला-मैक्लोडगंज रोपवे का उद्घाटन किया। धर्मशाला शहर को मैक्लोडगंज से जोड़ने वाले इस 1.8 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण 207 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। रोपवे शुरू होने से धर्मशाला से मैक्लोडगंज का सफर पांच मिनटों में तय हो जाएगा।

सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि इस रोपवे का निर्माण 2018 में शुरू किया गया था और इसे धर्मशाला रोपवे लिमिटेड और हिमाचल प्रदेश पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा सार्वजनिक निजी भागीदारी परियोजना के रूप में डीएफबीओटी मोड के अन्तर्गत विकसित किया गया है। यह रोपवे मैकलोडगंज की यातायात समस्या को हल करने में सहायक सिद्ध होगा और इससे पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह रोपवे एक घंटे में 1000 लोगों को एक दिशा में ले जाएगा और ट्रॉली को धर्मशाला से मैकलोडगंज पहुंचने में कुल पांच मिनट का समय लगेगा। इसमें 10 टावर और दो स्टेशन हैं। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में मोनो केबल डिटेचेबल गोंडोलस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।