कांगड़ा को ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन राजीव भारद्वाज ने एनपीए (नॉन परफॉर्मिंग एसेट) को कम करने और रिकवरी को लेकर बैंक प्रबंधकों और अधिकारियों के साथ शुक्रवार को ऊना में बैठक की।
जानकारी के अनुसार, ऊना जिला के कांगड़ा को ऑपरेटिव बैंकों में एनपीए की प्रतिशतता बढ़ गई है, जिसको लेकर ऊना में बैठक का आयोजन किया गया। बैंक चेयरमैन राजीव भारद्वाज ने बैठक में कहा कि सिर्फ जिला ऊना में ही एनपीए की समस्या नहीं है , ये एक वैश्विक समस्या है जिसकी जद्द में कई बड़े-बड़े बैंक मौजूदा समय में हैं। उन्होंने कहा कि वैसे भी बढ़ा हुआ एनपीए उनके पदभार संभालने से पहले का है, जो कि उन्हें विरासत में मिला है।
राजीव भारद्वाज ने बताया कि एनपीए में सुधार के लिए सभी जोन की बैठकें ली जा रही हैं, बैठकों के माध्यम से बढ़े एनपीए को नीचे लाने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि जब बैंकों को दिए गए लोन पर कोई फायदा नहीं होता तो उसे अर्थव्यवस्था की टर्म में एनपीए कहा जाता है।



