Follow Us:

हिमाचल में बढ़ रही हिम तेंदुए की संख्या, शुभ संकेत

पी. चंद |

हिमाचल में अब हिम तेंदुए की संख्या में वृद्धि दर्ज़ की गई है। स्नो लैपर्ड की संख्या 100 के पार हो गई है। इसी तरह सामान्य लैपर्ड की संख्या भी बढ़ी है। वर्तमान में प्रदेश में 761 सामान्य तेंदुए हैं। एक अनुमान के मुताबिक तीन-चार सालों से इनकी संख्या में वृद्धि दर्ज़ की जा रही है, जबकि प्रदेश के चिड़ियाघरों में तीन दर्जन टाइगर हैं।

क्या है हिम तेंदुआ

हिम तेंदुआ एक बड़ी बिल्ली के आकार का दिखता है जो मध्य और दक्षिण एशिया के पहाड़ी क्षेत्र में पाया जाता है। यह आईयूसीएन की लाल सूची में विलुप्तप्राय प्रजातियों में सूचिबद्ध है। हिम तेंदुए मध्य एशिया के पहाड़ों में 9,800 और  17,000 फीट की उंचाई पर पाए जाते हैं। ये अफगानिस्तान से कजाकिस्तान, रूस, उत्तर में भारत और पूर्व में चीन तक पाए जाते हैं। हिमाचल के स्पिति और किन्नौर में भी हिम तेंदुआ पाया जाता है।

हिम तेंदुआ अपने से तीन गुना अधिक वजन वाले पशुओं का शिकारी कर सकते हैं। हिम तेंदुए खड़ी चट्टान क्षेत्रों और कंदराओं में निवास करना पसंद करते है। ये अपने शिकार का छिप कर इंतजार करते हैं और आमतौर पर 20–50 फीट की दूरी से हमला करते हैं। हिम तेंदुआ 30 फीट की दूरी तक छलांग लगा सकता हैं। यह दूरी इनके शरीर की लंबाई के छह गुणा अधिक है। परंपरागत चीनी दवाओं में इनके शरीर के अंगों का इस्तेमाल होता है। इसलिए अवैध रूप से इनका शिकार कर व्यापार किया जाता है। इसी वजह से इन तेंदुओं की संख्या तेजी से कम हो रही है।