Follow Us:

CCTNS रैंकिंग में नूरपुर पुलिस जिला बना प्रदेश में नंबर 1

|

CCTNS Top Rank: पुलिस जिला नूरपुर ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (CCTNS) पोर्टल पर प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार ने 1 अगस्त 2022 को नूरपुर को पुलिस जिला का दर्जा दिया था और एसपी अशोक रत्न के नेतृत्व में यह जिला CCTNS पोर्टल में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला पुलिस जिला बन गया है।

एसपी अशोक रत्न ने बताया कि शुरुआत में नूरपुर पुलिस जिला 14 जिलों में 14वें स्थान पर था, लेकिन थानों में तैनात CCTNS स्टाफ और नोडल अधिकारियों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और समर्पण के चलते अब यह पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर आ गया है।

संगठित प्रयासों का परिणाम


एसपी अशोक रत्न ने कहा कि यह सफलता पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत और वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। CCTNS पोर्टल के प्रभावी प्रबंधन से पुलिसिंग व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और डिजिटल रूप से सुदृढ़ हुई है।

क्या है CCTNS पोर्टल?


CCTNS (Crime and Criminal Tracking Network and Systems) केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसमें पुलिस का संपूर्ण रिकॉर्ड और कार्य प्रणाली ऑनलाइन अपडेट होती है। इसमें एफआईआर, रोजनामचा सहित सभी पुलिस संबंधित डेटा अपलोड किया जाता है। गृह मंत्रालय प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करता है और उसी के आधार पर पुलिस जिलों को रैंकिंग प्रदान की जाती है।