हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने कार्यकाल का तीसरा बजट पेश किया। इस बजट को लेकर समाचार फर्स्ट से विशेष बातचीत में उन्होंने इसे हिमाचल का आत्मनिर्भर बजट बताया। हमारे वरिष्ठ संवाददाता पराक्रम चंद के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास योजनाओं पर खुलकर चर्चा की………..
यह बजट आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में कदम: सीएम सुक्खू
समाचार फर्स्ट: यह बजट किस तरह से हिमाचल के विकास के लिए महत्वपूर्ण है?
सीएम सुक्खू: यह बजट पूरी तरह से गांव, किसान, महिलाओं, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों के लिए समर्पित है। हमने इसे इस दृष्टिकोण से तैयार किया है कि कैसे हिमाचल की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और राज्य आत्मनिर्भर बने। इस बजट की घोषणाएं अगले साल जमीन पर दिखने लगेंगी।
हमने भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे बंद कर जनता के पैसे को जनता के विकास में लगाया है। हमारा लक्ष्य 2027 तक हिमाचल को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना है, जिसके लिए हम कानून और नियमों में जरूरी बदलाव करेंगे।
होटल उद्योग को बढ़ावा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
समाचार फर्स्ट: आपने नए होटल खोलने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य क्या है?
सीएम सुक्खू: हमने पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए नए होटल और होम-स्टे यूनिट खोलने की योजना बनाई है। यदि कोई युवा अपने गांव में होटल या होम-स्टे खोलना चाहता है, तो सरकार बैंक के 9% ब्याज में से 4% ब्याज खुद वहन करेगी। इससे युवाओं को स्वरोजगार मिलेगा और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
सरकारी कर्मचारियों को डीए और अन्य लाभ
समाचार फर्स्ट: सरकारी कर्मचारियों के लिए बजट में क्या प्रावधान किए गए हैं?
सीएम सुक्खू: हमारे कर्मचारियों ने हिमाचल के विकास में अहम भूमिका निभाई है। वे कुछ मांगें न भी रखें, तब भी सरकार उन्हें उनके अधिकार से वंचित नहीं करेगी। हमने सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) और देनदारियों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया है।
विपक्ष के आरोपों पर जवाब
समाचार फर्स्ट: विपक्ष इस बजट को दिशाहीन बता रहा है। आप क्या कहेंगे?
सीएम सुक्खू: विपक्ष पहले बजट को पढ़े, फिर बयान दे। उन्हें समझना चाहिए कि यह बजट हिमाचल के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राज्य के संसाधन कैसे बढ़ाए जाएंगे?
समाचार फर्स्ट: केंद्र से ग्रांट नहीं मिल रही है, ऐसे में संसाधनों की व्यवस्था कैसे होगी?
सीएम सुक्खू: पिछले दो साल में हमने 3000 करोड़ रुपये कमाए हैं। जयराम ठाकुर जी के कार्यकाल में 16,000 करोड़ रुपये जीएसटी कंपनसेशन के रूप में आए, लेकिन उन्होंने इसका सही उपयोग नहीं किया। हमारे पास वह ग्रांट नहीं आई, फिर भी हम हिमाचल के विकास और आत्मनिर्भरता पर काम कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर होगा, यह हमारा वादा है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस बजट को हिमाचल के विकास, आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने होटल उद्योग, सरकारी कर्मचारियों, पर्यटन और किसानों के लिए किए गए प्रावधानों को विशेष रूप से रेखांकित किया और विपक्ष के आरोपों को खारिज किया।