Follow Us:

आज हिमाचल मंत्रिमंडल की अहम बैठक, इन फैसलों पर लग सकती है मुहर

➤ 108 स्कूलों और 11 कॉलेजों के मर्जर प्रस्ताव पर हो सकता है फैसला
➤ पंचायत और शहरी निकाय चुनाव को लेकर भी चर्चा संभव
➤ शिमला-तारादेवी रोपवे व रिक्त पदों पर भर्ती पर कैबिनेट की नजर



शिमला। हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक स्तर पर कई बड़े फैसलों पर मुहर लग सकती है।

सबसे अहम मुद्दा कम छात्र संख्या वाले स्कूलों और कॉलेजों के मर्जर का है। शिक्षा विभाग ने कैबिनेट को प्रस्ताव भेजा है, जिसमें 50 विद्यार्थियों से कम संख्या वाले 11 कॉलेजों और 5 विद्यार्थियों की संख्या वाले 108 स्कूलों को दूसरे संस्थानों में मर्ज करने की सिफारिश की गई है। इससे संसाधनों और स्टाफ के बेहतर उपयोग की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठा सकती है।

बैठक में बजट भाषण में की गई कई घोषणाओं को औपचारिक मंजूरी मिलने की संभावना भी जताई जा रही है। इसके साथ ही पंचायतीराज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा हो सकती है, जो आने वाले राजनीतिक माहौल के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसी के साथ शिमला से तारादेवी तक प्रस्तावित 13.79 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट के नए प्रस्ताव को भी कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है। यह परियोजना शिमला शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों को भरने के मुद्दे पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। इससे पहले भी राज्य मंत्रिमंडल विभिन्न विभागों में हजारों पदों को भरने को मंजूरी दे चुका है, इसलिए इस बैठक से भी भर्ती संबंधी बड़ी घोषणा की उम्मीद है।