Follow Us:

परमार ने ‘थपथपाई’ कपूर की पीठ! 62 लोगों को भाजपा ज्वाइन करवाने पर बोले- ‘पालमपुर में कोई नहीं रोक पाएगा भाजपा की जीत’

➤ पालमपुर विधानसभा के नगरी जॉन से 62 लोगों ने भाजपा जॉइन की
➤ अटल स्मृति वर्ष मंच से विपिन सिंह परमार का कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला
➤ त्रिलोक कपूर की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा में बढ़ा जनाधार


पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के नगरी जॉन से 62 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और त्रिलोक कपूर की कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थाम लिया। यह घटनाक्रम अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत गोपालपुर में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान सामने आया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सुलह विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि यह लड़ाई केवल चुनाव की नहीं, बल्कि हिमाचल के सम्मान, विकास और आम आदमी के अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज़ थे, जिन्होंने राष्ट्रहित को हमेशा राजनीति से ऊपर रखा।

विपिन सिंह परमार ने पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने हिमाचल के वीर सपूत कैप्टन विक्रम बत्रा की शहादत को याद करते हुए कहा कि ‘ये दिल मांगे मोर’ आज भी हर देशभक्त के दिल में गूंजता है।

परमार ने कहा कि पालमपुर में जिस तरह संगठन मजबूत हुआ है, उससे स्पष्ट है कि आने वाले समय में यहां भाजपा की जीत को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी नए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश स्वर्ण युग की ओर बढ़ रहा है और इस दौर में भाजपा से जुड़ना ऐतिहासिक निर्णय है।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि पालमपुर संगठनात्मक गतिविधियों में हमेशा अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि 62 में से 50 लोग कांग्रेस की झूठी गारंटियों से परेशान होकर भाजपा में आए हैं, जबकि 12 लोग सेवा निवृत्ति के बाद पार्टी से जुड़े हैं। त्रिलोक कपूर ने सभी नए कार्यकर्ताओं को पार्टी पटका पहनाकर स्वागत किया और उन्हें सम्मान व सहभागिता का भरोसा दिलाया।

सभा में विनय शर्मा, गोपेश भृगु, सुरेश पठानिया, अभिमन्यु भट्ट, राजेश राणू, यशपाल वालिया, अनिश नाग, रंजना भट्ट, अशोक राणा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।